बैतूल , अप्रैल 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में छात्र सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला परिवहन विभाग ने शहर में स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 32 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 20 पर नियम उल्लंघन के चलते चालानी कार्रवाई की गई, जबकि दो वाहनों को जब्त कर लिया गया।

जिला परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में पाया गया कि जब्त किए गए दोनों वाहन बिना वैध परमिट के छात्रों का परिवहन कर रहे थे। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की। अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज, चालक की पात्रता तथा क्षमता से अधिक छात्रों को बैठाने जैसे बिंदुओं की जांच की गई। कई वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर चालान किए गए।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना परमिट छात्रों का परिवहन करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी। परिवहन विभाग ने स्कूल संचालकों, वाहन चालकों और अभिभावकों से नियमों का पालन करने तथा बच्चों को केवल अधिकृत और सुरक्षित वाहनों से ही भेजने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित