बैतूल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को शाहपुर शहर में कार्रवाई करते हुए करीब 10 लीटर संदिग्ध घी जब्त किया गया। जब्त घी की कीमत करीब 9,294 रुपये बताई गई है।

नियंत्रक खाद्य, औषधि प्रशासन एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुरुषोत्तम भंडुरिया और कार्यालय सहायक योगेश दिवगाया ने शाहपुर में राम मंदिर के पास स्थित गुप्ता इंटरप्राइजेज का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में 'वास्तु' ब्रांड के विभिन्न पैक आकार में घी का भंडारण पाया गया। गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर करीब 10 लीटर घी जनहित में अधिग्रहित किया गया। अधिकारियों ने वास्तु ब्रांड के पैक घी के दो नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।

विभाग के अनुसार दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और प्रकरण प्रस्तावित किया जाएगा। जांच में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि दूध, दुग्ध उत्पाद और विशेष रूप से घी की गुणवत्ता की जांच के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग के अनुसार पिछले सात दिनों में जिले में करीब 100 लीटर संदिग्ध घी जनहित में जब्त किया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में सघन निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित