बैतूल , अगस्त 15 -- देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार को राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उमंग का माहौल रहा। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। समारोह में आकर्षक परेड, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार किया।
मुख्य समारोह में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार, उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम गायन से हुआ। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन पूरे मनोयोग से सुना।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों और शहीदों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मानसरोवर द स्कूल बडोरा ने 'संदेसे आते हैं' और 'वो मिट्टी के बेटे' पर प्रस्तुति दी। पीएम श्री महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने 'वंदे मातरम', जबकि आरडी पब्लिक स्कूल कालापाठा ने 'बिरसा मुंडा जंगल रखवाला' पर नृत्य प्रस्तुत किया। जनजातीय कार्य विभाग कन्या छात्रावास ने 'वंदे मातरम श्रेष्ठ भारत, एक भारत' और कन्या क्रीड़ा परिसर हमलापुर ने 'झूमर जा रे पड़की झूमर' पर मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में कन्या क्रीड़ा परिसर हमलापुर प्रथम, आरडी पब्लिक स्कूल द्वितीय और कन्या छात्रावास तृतीय रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित