बैतूल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क शव परिवहन उपलब्ध कराने वाली संजीवनी 108 सेवा की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। जिले में कुछ माह पहले उपलब्ध कराए गए दो नए शव वाहनों को कंपनी द्वारा वापस भोपाल बुला लिया गया, जबकि उनकी जगह पुराने और जर्जर वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से एक वाहन मरम्मत के लिए वर्कशॉप में है, जबकि दूसरे के दरवाजे रस्सी से बांधकर संचालित किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सरकार इस सेवा के संचालन के लिए कंपनी को प्रतिमाह भुगतान करती है, ताकि उपचार के दौरान मृत्यु होने पर गरीब परिवारों को निःशुल्क शव परिवहन की सुविधा मिल सके। इसके बावजूद जिले में वर्तमान में उपलब्ध वाहन तकनीकी रूप से खराब स्थिति में बताए जा रहे हैं, जिससे सेवा प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार बैतूल जिले को कुछ माह पहले दो नए शव वाहन मिले थे, लेकिन कंपनी के निर्देश पर दोनों वाहनों को वापस भोपाल भेज दिया गया। इसके बाद जिले को पुराने वाहन उपलब्ध कराए गए, जिनकी स्थिति जर्जर बताई जा रही है। कंपनी की ओर से नए वाहन वापस लेने के कारणों पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बताया गया है कि वर्तमान में संचालित वाहन के दरवाजे ठीक से बंद नहीं होते और उन्हें रस्सी से बांधकर चलाया जा रहा है। वहीं दूसरा वाहन लंबे समय से मरम्मत के लिए वर्कशॉप में है। ऐसे में उपलब्ध वाहन के भी खराब होने पर जिले में शव परिवहन सेवा पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने कहा कि शवों को उनके गांव और घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संजीवनी 108 सेवा की है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी कंपनी के अधिकारी ही दे सकते हैं।
संजीवनी 108 के बैतूल प्रभारी शुभम धोटे ने बताया कि कंपनी से दो वाहन प्राप्त हुए थे, लेकिन बाद में कंपनी के निर्देश पर उन्हें वापस भोपाल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एक वाहन की मरम्मत कराई जा रही है और उसके ठीक होने के बाद दूसरे वाहन की भी मरम्मत कराई जाएगी।
इस घटनाक्रम के बाद शव परिवहन जैसी संवेदनशील सेवा की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर नए वाहन वापस लेने और जर्जर वाहनों की आपूर्ति की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित