बैतूल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नया शिक्षण सत्र काफी आगे बढ़ने के बावजूद सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गणवेश की राशि नहीं मिल सकी है। वहीं, निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत भी एक हजार से अधिक पात्र विद्यार्थी साइकिल मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
शासन की योजना के तहत कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को दो जोड़ी गणवेश के लिए 600 रुपये प्रति विद्यार्थी दिए जाने हैं। जिले में इसके लिए एक लाख 18 हजार 671 विद्यार्थी पात्र हैं, लेकिन अब तक राशि जारी नहीं हुई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा छठवीं और नौवीं के 3,502 पात्र विद्यार्थियों को साइकिल दी जानी है। इनमें से अब तक 2,443 विद्यार्थियों को ही साइकिल मिल पाई है। शेष विद्यार्थी अब भी इंतजार कर रहे हैं।
जिला शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में रिपोर्ट राज्य शिक्षा केंद्र को भेज दी है और बाकी साइकिलों की मांग भी दर्ज कराई गई है। हालांकि, गणवेश राशि और साइकिल वितरण में देरी के कारण विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों की परेशानी बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित