बैतूल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शनिवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सर्किट हाउस पहुंचकर वहां चल रहे नवीनीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, उपयोग की जा रही सामग्री और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप एवं समय पर पूरे किए जाएं, ताकि आमजन और प्रशासन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉ. सोनवणे ने प्रस्तावित नए सर्किट हाउस के निर्माण को लेकर हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने परियोजना की रूपरेखा, आवश्यक संसाधनों और निर्माण प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सर्किट हाउस विकसित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से विभागीय समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने तथा तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं की नियमित निगरानी से गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने कलेक्टर को निर्माण कार्यों की प्रगति से अवगत कराते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित