बैतूल , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के दक्षिण बैतूल वनमंडल के ताप्ती वन परिक्षेत्र के अंतर्गत झल्लार सर्किल के जमन्या गांव में वन विभाग ने अवैध फर्नीचर निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने दो अलग-अलग मकानों पर छापा मारकर सागौन के 42 नग जब्त किए हैं। जब्त की गई लकड़ी की कुल मात्रा 0.398 घनमीटर और अनुमानित बाजार कीमत 20,000 रुपए आंकी गई है।

भारतीय वन सेवा अधिकारी जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन और ताप्ती वन परिक्षेत्र अधिकारी दयानंद डेहरिया के नेतृत्व में क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। वन विभाग ने मौके से अवैध लकड़ी बरामद करते हुए आरोपी सुरेश बावने और सुखदेव बावने के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में परिक्षेत्र अधिकारी दयानंद डेहरिया के साथ-साथ परिक्षेत्र सहायक ओमकार नाथ मालवीय, रमेश मस्की, शिवनाथ बाघमारे, नीलेश गौर, भैया लाल कुमरे, वनरक्षक रामेश्वर इवने, शैलेन्द्र द्विवेदी, कामू लाल इवने, सुनील कापसे, दीप्ति राजपूत, अनीता सलामे, सोनू पुंडे, प्रियंका डेहरिया, अरविंद शुक्ला और वाहन चालक धनपाल धुर्वे शामिल रहे। वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कटाई और फर्नीचर निर्माताओं में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि वनों की अवैध कटाई और तस्करी रोकने के लिए आगे भी इस तरह के सख्त अभियान लगातार जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित