बैतूल , मई 02 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 पर एक चलते ट्रक में अचानक आग लगने से जलकर खाक हो गया।

यह घटना चिचोली क्षेत्र के गवासेन फोरलेन के पास शुक्रवार की है, जहां छिंदवाड़ा से गुजरात जा रहा मक्के के पाउडर (डीओसी) से भरा ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, समय रहते चालक और क्लीनर के बाहर निकल जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक छिंदवाड़ा से मक्के का पाउडर लेकर बैतूल होते हुए इंदौर मार्ग से गुजरात की ओर जा रहा था। इसी दौरान गवासेन के पास चालक हनुमंता ने अचानक इंजन से धुआं उठते देखा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और क्लीनर के साथ नीचे उतर गया लेकिन कुछ ही क्षणों में धुआं आग की लपटों में बदल गया और देखते ही देखते पूरी ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।

आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में लदा पूरा मक्के का पाउडर जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चिचोली नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड कर्मी विक्की बागड़े के अनुसार, आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।

घटना के दौरान राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई। आगजनी की इस घटना में वाहन और उसमें भरा माल पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

चिचोली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की पड़ताल जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित