बैतूल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश शासन के उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने बैतूल प्रवास के दौरान उद्यानिकी विभाग के कार्यालय और शासकीय उद्यान का औचक निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैतूल में हुए निरीक्षण के दौरान उप संचालक उद्यान राजकुमार कोरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने नर्सरी में उन्नत फलों की किस्मों के रोपण, गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन और किसानों को समय पर पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी क्षेत्र किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है, इसलिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में आईजी हार्टि बेरी कंपनी द्वारा लगभग 300 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों से ब्लूबेरी की खेती की जा रही है। मंत्री ने इसे क्लस्टर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करते हुए इस दिशा में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत क्लस्टर आधारित कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर भेजने और अधिक से अधिक किसानों का उद्यानिकी पोर्टल पर पंजीयन कराने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री कुशवाह अपने प्रवास के दौरान हेमंत खंडेलवाल की दिवंगत पुत्री सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने भी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित