बैतूल , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय पर भाजपा महिला मोर्चा ने सोमवार शाम कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ प्रदर्शन कर उनके पुतले दहन किए। प्रदर्शन का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता देशमुख ने किया। कार्यकर्ताओं ने स्थानीय कांग्रेस कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए सांसद पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा।

सुनीता देशमुख ने आरोप लगाया कि गंभीर आरोपों के बावजूद राहुल गांधी की चुप्पी महिलाओं के प्रति कांग्रेस के रवैये पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस को अपने सांसद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से सांसद को पार्टी से बर्खास्त करने और राहुल गांधी से देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार, जिला उपाध्यक्ष इंद्रपाल पुंडे, नरेंद्र गढ़ेकर, कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा, युवा मोर्चा अध्यक्ष विक्रम वैद्य, अजजा मोर्चा अध्यक्ष संतोष टेकाम, मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, नगरपालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर तथा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री ममता वागद्रे, नीलम वागद्रे, माधुरी साबले और फरीदा हुसैन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित