बैतूल , जुलाई 2 -- राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बैतूल जिले में 28 से 30 जून तक संचालित विशेष अभियान के दौरान लक्ष्य से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 100.6 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि जिले में एक लाख 64 हजार 874 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि अभियान के दौरान एक लाख 65 हजार 798 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार आमला में 21 हजार 703, आठनेर में नौ हजार 374, सेहरा में 17 हजार 576, शहरी बैतूल में 10 हजार 414, भैंसदेही में 14 हजार 939, भीमपुर में 18 हजार 941, चिचोली में 11 हजार 767, घोड़ाडोंगरी में 21 हजार 624, मुलताई में 14 हजार 607, प्रभात पट्टन में 13 हजार 909 तथा शाहपुर में 10 हजार 944 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की टीमों ने बूथों के साथ-साथ घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई। विभाग ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अभिभावकों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित