बैतूल , अक्टूबर 16 -- बैतूल के गंज क्षेत्र में 69वें रामलीला एवं दशहरा उत्सव के तहत प्रभु श्रीराम और माता सीता का विवाहोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति द्वारा आयोजित 12 दिवसीय धार्मिक महोत्सव के छठे दिन श्रीराम बारात निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्री कृष्ण मंदिर से शुरू हुई बारात में सजे-धजे रथ पर प्रभु श्रीराम का स्वरूप विराजमान था। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। समिति के सदस्यों ने पारंपरिक डांडिया करते हुए हिस्सा लिया। बारात गंज स्थित माता मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रीराम-सीता विवाह संपन्न कराया गया।

रामलीला मैदान में रीवा जिले के मऊगंज से आए श्री गणेश रामलीला मंडल के कलाकारों ने राम विवाह जुलूस और राम कलेवा के प्रसंगों का मंचन किया। जनकपुर की नारियों के परिहास, समधी मिलन और राम कलेवा के दृश्यों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

आयोजकों के अनुसार, यह उत्सव पिछले 69 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। आयोजन में पंजाब युवा सेवा समिति और श्री कृष्ण पंजाबी महिला कीर्तन मंडल का सहयोग रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रामलीला मैदान में महिलाओं के बैठने की अलग व्यवस्था भी की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित