बैतूल, अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरदेही रोड पर शनिवार एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद से करपा गांव और मृतक के परिवार में भारी शोक और मातम का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करपा गांव निवासी सोम पवार शनिवार रात को काली माता के एक जागरण में शामिल होने गए थे। जागरण समाप्त होने के बाद देर रात करीब 1:30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। जब वह चंदोरा गांव के पास पहुंचे, तो अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोम पवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित