बैतूल , अक्टूबर 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के गंज क्षेत्र स्थित मैकेनिक चौक में दुर्गा उत्सव समिति ने तीन सिरों वाली माता रानी की भव्य प्रतिमा के साथ जिले के 13 प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों की झांकी सजाई है। समिति के 40वें स्थापना वर्ष पर तैयार इस पंडाल में दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
झांकी में मुलताई के ताप्ती उद्गम स्थल, भैंसदेही के सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर, सारणी के बाबा मठारदेव मंदिर, सालबर्डी की प्राचीन शिव गुफा और गंज माता मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों को प्रदर्शित किया गया है। यहां मंदिरों के चित्रों के साथ देवी-देवताओं की मिट्टी से बनी प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।
पंडाल में बरसाली के ऐतिहासिक, भौगोलिक और सांस्कृतिक महत्व को भी प्रदर्शित किया गया है। उत्सव के अंतिम तीन दिन शेष रहने के कारण शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। समिति ने सुगम दर्शन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित