बैतूल , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में पेयजल संकट दूर करने के लिए नगर पालिका ने 48 करोड़ रुपये की समानांतर पाइपलाइन परियोजना का विस्तृत प्रतिवेदन शासन को भेजा है। इसके तहत खेड़ी स्थित ताप्ती नदी से शहर तक 24 किलोमीटर लंबी नई पाइपलाइन बिछाने और नया जलग्रहण केंद्र बनाने की योजना है। परियोजना को अभी शासन की मंजूरी मिलना बाकी है।
शहर में प्रतिदिन करीब 18.50 एमएलडी पानी की जरूरत है, जबकि मौजूदा पाइपलाइन से लगभग आठ एमएलडी पानी ही पहुंच पा रहा है। प्रस्तावित परियोजना में 800 मिलीमीटर व्यास की पाइपलाइन बिछाकर प्रतिदिन 16 एमएलडी अतिरिक्त पानी लाने की योजना है। इससे कुल आपूर्ति क्षमता 24 एमएलडी तक पहुंच सकती है। नगर पालिका का दावा है कि इस व्यवस्था से वर्ष 2045 तक शहर की पेयजल जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।
परियोजना की अनुमानित लागत 48 करोड़ रुपये है। इसमें से 24 करोड़ रुपये नगरीय चुनौती कोष के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार से प्राप्त करने की उम्मीद है। इसके अलावा नगर पालिका ने खनिज मद से 10 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की मांग की है, जबकि शेष 14 करोड़ रुपये की व्यवस्था ऋण के माध्यम से करने की प्रक्रिया चल रही है। कोष से राशि देने के संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।
इस वर्ष सामान्य से कम बारिश के कारण जलस्रोतों में पानी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। ताप्ती बैराज से भी शहर की जरूरत के अनुरूप पानी नहीं पहुंच पा रहा है। फिलहाल नगर में एक दिन के अंतराल से जलापूर्ति की जा रही है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए नगर पालिका दो दिन के अंतराल से पानी देने पर विचार कर रही है। समानांतर पाइपलाइन परियोजना से भविष्य में जलापूर्ति बढ़ने की उम्मीद है, हालांकि शहरवासियों को राहत मिलने के लिए शासन की मंजूरी और योजना के क्रियान्वयन का इंतजार करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित