बैतूल , अक्टूबर 18 -- अल्प वर्षा और बांधों में जलस्तर घटने की आशंका के बीच बैतूल नगर पालिका ने आगामी गर्मियों में संभावित जलसंकट से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत बंद पड़े ट्यूबवेलों को फिर से उपयोग में लाने और जलप्रदाय व्यवस्था का संचालन तथा संधारण बाहरी एजेंसी को सौंपने का निर्णय लिया गया है।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, शहर में पहले 100 से अधिक ट्यूबवेलों से पानी लिया जाता था। अब इन्हें सीधे जल टंकियों से जोड़ने की योजना है, जिससे फिल्टर प्लांट पर दबाव कम किया जा सके। ट्यूबवेलों की फ्लशिंग, धुलाई और तकनीकी जांच के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं।

जल वितरण व्यवस्था सुधारने के लिए आईटीआई परिसर स्थित टंकी के पास संपवेल निर्माण को तकनीकी स्वीकृति मिल गई है। टंकियों पर पानी की मात्रा और स्तर मापने के लिए फ्लो मीटर तथा लेवल गेज भी लगाए जा रहे हैं। ताप्ती इंटेकवेल तक मरम्मत सामग्री पहुंचाने के लिए समर्पित चार पहिया वाहन की व्यवस्था की जा रही है।

नगर पालिका में कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति से जलप्रदाय संचालन में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए पूरी व्यवस्था बाहरी एजेंसी को सौंपने के लिए ई-निविदाएं जारी की गई हैं। पालिका का उद्देश्य शहरवासियों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित