बैतूल , अक्टूबर 17 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के कड़े निर्देशों के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो डम्परों को जब्त किया है। इन वाहनों के मालिकों के खिलाफ नियमानुसार भारी अर्थदंड वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
खनिज विभाग से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक खनिज अधिकारी और खनिज निरीक्षक के नेतृत्व में गठित अमले ने आज घोड़ाडोंगरी-रानीपुर क्षेत्र में औचक जांच की। इस दौरान खनिज गिट्टी का अवैध रूप से परिवहन कर रहे डम्पर को पकड़ा गया। वाहन के कागजात और वैध रॉयल्टी न मिलने पर टीम ने इसे तुरंत जप्त कर लिया और रानीपुर पुलिस थाने की सुपुर्दगी में खड़ा करा दिया।
इसी तरह, शाहपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए खनिज अमले ने गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त एक अन्य डम्पर (क्रमांक एमएच 40 सीडी 8643) को भी धर दबोचा। इस वाहन को शाहपुर थाने की अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। इस प्रकार कुल दो वाहनों को जप्त कर अवैध परिवहनकर्ताओं पर कानूनी शिकंजा कसा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पकड़े गए दोनों डम्परों के चालकों और वाहन मालिकों के विरुद्ध 'मध्य प्रदेश खनिज अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022' के सुसंगत प्रावधानों के तहत अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है। मामले से जुड़े सभी दस्तावेजों और रिपोर्ट को तैयार कर अब यह पूरा प्रकरण न्यायसंगत कार्रवाई के लिए अपर कलेक्टर बैतूल के न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
जिला प्रशासन के इस सख्त रुख से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की औचक कार्रवाई और सघन निगरानी लगातार जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में खनिज संपदा का अवैध दोहन और परिवहन पूरी तरह रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित