बैतूल , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही नगर में एक ही रात में पांच मंदिरों में चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से अलग-अलग मंदिरों की दानपेटियां तोड़कर नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने नगर के प्राचीन शिव मंदिर, प्राचीन दुर्गा मंदिर, नागझिरी मंदिर समेत कुल पांच मंदिरों को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने से पहले मंदिरों के आसपास स्थित कुछ मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए गए, ताकि कोई व्यक्ति बाहर निकलकर शोर न मचा सके। शनिवार सुबह पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही भैंसदेही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद नगरवासियों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस की प्रभावी रात्रि गश्त नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय नागरिकों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और नियमित गश्त की मांग की है।
इस बीच कांग्रेस ने भी घटना को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव धर्मेंद्र मालवीय ने कहा कि श्रावण माह में एक ही रात में पांच मंदिरों में चोरी होना पुलिस की निष्क्रियता का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर चोरी का खुलासा नहीं हुआ तो भैंसदेही बंद और आंदोलन किया जाएगा।
भैंसदेही थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित