बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मौतों के कारणों की जांच कर रही है।
पहली घटना चोपना थाना क्षेत्र के ग्राम पूंजी की है, जहां 45 वर्षीय ममता पति विकास मंडल ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का गांव में किसी से विवाद हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी घटना मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम परसोड़ी की है। यहां 26 वर्षीय निलेश पिता भाऊराव गलफट रात में अपने खेत पर गया था। रविवार सुबह उसके पिता खेत पहुंचे तो वह बेहोशी की हालत में मिला और उसे उल्टियां हो रही थीं। परिजन उसे उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले गए। बाद में जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मौत के कारणों का पता लगा रही है।
तीसरी घटना बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड स्थित एक किराए के मकान की है। यहां जामगांव, सांईखेड़ा निवासी 30 वर्षीय विशाल पिता अजाबाराव लोखंडे का शव उसके कमरे में मिला। वह स्थानीय स्कूल में भृत्य के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, विशाल अधिक शराब पीने का आदी था और शनिवार को भी उसने ज्यादा शराब पी थी, जिसके बाद वह गिर गया था। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।
चौथी घटना गंज थाना क्षेत्र के हमलापुर की है, जहां 25 वर्षीय आकाश ने शनिवार शाम अपने घर में फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। सभी मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित