बैतूल , जुलाई 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में कारगिल चौक से गाड़ाघाट होते हुए पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग तक बन रही 2.70 किलोमीटर लंबी टू-लेन सीसी सड़क परियोजना में लगातार हो रही देरी के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने निर्माण एजेंसी का अनुबंध निरस्त कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 4.51 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के पांच माह बाद भी केवल एक किलोमीटर सड़क का निर्माण हो सका था। विभाग अब शेष कार्य पूरा कराने के लिए नए सिरे से निविदा प्रक्रिया शुरू करेगा।
पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री मनीष कुमार मरकाम ने बताया कि भोपाल की कपिल शर्मा कंस्ट्रक्शन कंपनी को कई बार नियमानुसार नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य की गति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। लगातार विलंब और अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किए जाने के कारण विभाग ने ठेका निरस्त करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार सड़क निर्माण कार्य इस वर्ष तीन मार्च तक पूरा किया जाना था लेकिन समय सीमा समाप्त होने के करीब पांच माह बाद भी परियोजना का बड़ा हिस्सा अधूरा है। कुल 2.70 किलोमीटर लंबी सड़क में से केवल एक किलोमीटर का निर्माण पूरा हो पाया, जबकि लगभग 1.70 किलोमीटर सड़क का निर्माण अभी बाकी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिस गति से कार्य चल रहा था, उसे देखते हुए परियोजना के जल्द पूरा होने की संभावना नहीं थी।
यह सड़क बैतूल शहर की महत्वपूर्ण यातायात परियोजनाओं में शामिल है। निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण कई स्थानों पर सड़क खोदकर छोड़ दी गई थी, जिससे आम लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बारिश के मौसम में गड्ढों और कीचड़ के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन में कठिनाई हो रही थी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण बाजार क्षेत्र का कारोबार भी प्रभावित हुआ।
सूत्रों के अनुसार परियोजना में देरी का एक कारण निर्माण स्थल पर लंबे समय तक बने रहे अतिक्रमण भी रहे। स्थानीय स्तर पर अतिक्रमण हटाने में विलंब होने से निर्माण एजेंसी को समय पर पूरी साइट उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके अलावा सड़क मार्ग पर लगे कुछ बिजली के खंभे अब तक नहीं हटाए जा सके हैं, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित होता रहा। हालांकि विभाग का कहना है कि इन परिस्थितियों के बावजूद निर्माण एजेंसी अपेक्षित प्रगति नहीं कर सकी।
इससे पहले गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी सड़क निर्माण में हो रही देरी और आम नागरिकों को हो रही असुविधा पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर कार्रवाई तेज हुई और ठेका निरस्त करने का आदेश जारी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित