बैतूल , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के बैतूल कृषि उपज मंडी में इन दिनों मक्का की बंपर आवक देखने को मिल रही है। दशहरा के बाद से शुरू हुए मक्का सीजन में आवक 20 हजार क्विंटल प्रतिदिन के आंकड़े को पार कर गई है। इस बीच, मक्का के दाम पहली बार उछलकर 3,000 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुने हैं।
मंडी परिसर में व्यापारियों द्वारा शेड्स पर अवैध कब्जा करने और खराब मौसम के चलते किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
शनिवार को मंडी सूत्रों के अनुसार, 21 अक्टूबर से मक्का की आवक में लगातार तेजी बनी हुई है। गुरुवार को आवक 23 हजार क्विंटल से अधिक पहुंच गई थी। वहीं, शुक्रवार को खराब मौसम के बावजूद मंडी में 21,644 क्विंटल मक्का की आवक दर्ज की गई। मक्का के अधिकतम दाम 3,000 रुपये, प्रचलित दाम 2,850 रुपये और न्यूनतम दाम 2,400 रुपये प्रति क्विंटल तक रहे। गत वर्ष सीजन के शुरुआत में मक्का 1,400 से 1,500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा था, जिससे इस साल कम उत्पादन के बावजूद किसानों को बेहतर मुनाफा हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित