बैतूल , जून 14 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 64 अधिकारी एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को नियमानुसार विभिन्न थानों और इकाइयों में स्थानांतरित किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव का उद्देश्य पुलिस बल का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाना तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना बताया गया है।

जारी आदेश के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और शाखाओं में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। विभाग का मानना है कि इससे पुलिस बल की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा अपराध नियंत्रण और जनसेवा संबंधी कार्यों में बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।

पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ करें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा आम नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पुनर्व्यवस्था से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था अधिक जनोन्मुखी और परिणाममुखी बनेगी तथा पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित