बैतूल , अप्रैल 7 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने तकनीक और टीमवर्क के दम पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 635 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया गया।
पुलिस के अनुसार जनवरी से मार्च 2026 के बीच 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये है। वहीं 1 जनवरी 2025 से अब तक कुल 635 मोबाइल ट्रैक कर बरामद किए गए हैं। इनमें से 535 से अधिक मोबाइल, जिनकी कीमत करीब 71 लाख रुपये है, सत्यापन के बाद उनके मालिकों को सौंप दिए गए हैं।
बरामद मोबाइल देश के विभिन्न राज्यों और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से ट्रैक किए गए हैं। इन्हें छात्र-छात्राओं, किसानों, मजदूरों और गृहणियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को लौटाया गया, जिससे उनके चेहरों पर खुशी लौट आई।
अभियान में साइबर सेल टीम और विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, जिससे बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित