बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में 15 से 30 जुलाई तक चलाया गया "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान आज जिला मुख्यालय पर आयोजित समारोह के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
समापन समारोह की शुरुआत अभियान के दौरान जिलेभर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रमों और उपलब्धियों के प्रस्तुतीकरण से हुई, जिसमें विभिन्न विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता को रेखांकित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या कानून लागू करने वाली एजेंसियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, शिक्षकों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संस्थाओं तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियान निरंतर चलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। इसके बाद अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी डीएसपी दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी, रक्षित निरीक्षक दिनेश मार्सकोले, सूबेदार नवीन सोनकर, जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील, क्रीड़ा अधिकारी तपेश साहू, क्रीड़ा अधिकारी पिनाश दास, 'माय भारत' की जिला समन्वयक सुषमा गवली, स्वास्थ्य विभाग की डॉ. रानू वर्मा सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल मैदानों, ग्राम पंचायतों, हाट-बाजारों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सोशल मीडिया और जनसंपर्क माध्यमों का भी व्यापक उपयोग किया गया। पुलिस ने भविष्य में भी नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित