बैतूल , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा गुरुवार को बैतूल पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पर पहुंचकर उनकी पुत्री सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने खंडेलवाल परिवार से मुलाकात कर इस दुखद घड़ी में संवेदना व्यक्त की और परिवार को ढांढस बंधाया। मिश्रा ने दिवंगत सुरभि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कुछ समय तक परिवार के साथ बैठकर शोक व्यक्त किया।

इस दौरान उन्होंने सुरभि के असमय निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह खंडेलवाल परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक क्षण है और इस कठिन समय में पूरा भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने कहा कि सुरभि के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा आघात लगा और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि हेमंत खंडेलवाल की 34 वर्षीय पुत्री सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। बताया गया कि दोपहर के समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके कारण उनका निधन हो गया। घटना के बाद से लगातार जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और सामाजिक संगठनों के लोग खंडेलवाल निवास पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित