बैतूल , अगस्त 22 -- मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जुलाई 2026 की प्रदेश स्तरीय नगरीय निकायों की ग्रेडिंग में बैतूल जिले ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले को 98.96 अंक मिले हैं। खास बात यह है कि बैतूल ने लगातार पांचवीं बार प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग में पहला स्थान प्राप्त किया है।
नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण के आधार पर जिले को यह उपलब्धि मिली है। क्षेत्रवार प्रदर्शन में आठनेर, आमला, घोड़ाडोंगरी, चिचोली, बैतूलबाजार, भैंसदेही और सारनी ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
नगर पालिका परिषद बैतूल ने भी शिकायतों के निराकरण में बेहतर प्रदर्शन किया। जुलाई में निकाय को कुल 153 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 152 का निराकरण कर दिया गया, जबकि केवल एक शिकायत लंबित रही। निकाय को 98.68 अंक प्राप्त हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित