बैतूल , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़, ऑनलाइन उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 16 अप्रैल 2026 को नाबालिग पीड़िता ने थाना मुलताई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी रितिक विश्वकर्मा निवासी ससुन्द्रा थाना आमला मोबाइल कॉल और मैसेज के माध्यम से उस पर बात करने का दबाव बना रहा था। आरोपी ने पीड़िता की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया तथा पीड़िता और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 78(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपी की तलाश की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ससुन्द्रा गांव से आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। इसके बाद 17 अप्रैल 2026 को आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित