बैतूल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिला अस्पताल में प्रसव और सिजेरियन ऑपरेशन के नाम पर दो परिवारों से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। सोमवार को करीब तीन घंटे के अंतराल में ठगों ने खुद को डॉक्टर बताकर क्यूआर कोड के जरिए कुल आठ हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। अस्पताल प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पहले मामले में मंडई बुजुर्ग निवासी विजय नागले की पत्नी मीरा प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती थीं। सिजेरियन ऑपरेशन की जरूरत के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को डॉक्टर बताया और बेहतर उपचार का भरोसा देकर क्यूआर कोड के माध्यम से पांच हजार रुपये ले लिए।
दूसरे मामले में पांढरा निवासी संजय भोरसे की बहन अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें भी ऑपरेशन के नाम पर फोन आया। पांच हजार रुपये देने में असमर्थता जताने पर तीन हजार रुपये मांगे गए, जो उन्होंने ग्राहक सेवा केंद्र के जरिए भेजे। भुगतान के समय क्यूआर कोड पर 'चौहान इंटरप्राइजेस' नाम दिखाई दिया। दोनों प्रसूताओं का बाद में सफल ऑपरेशन हुआ और उन्होंने स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया।
सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि कोतवाली थाना, साइबर सेल और राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की गई है। अस्पताल प्रबंधन यह भी जांच कर रहा है कि मामले में किसी अंदरूनी कर्मचारी की संलिप्तता तो नहीं है। अब तक ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर रामलखन प्रजापति या अन्य कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध नहीं पाई गई है।
इससे पहले सात अक्टूबर को भी लोहारढाना निवासी राकेश धुर्वे से इसी तरह 2,500 रुपये ठगे जाने की शिकायत सामने आई थी। पुलिस क्यूआर कोड और संबंधित खातों के आधार पर मामलों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित