बैतूल , जनवरी 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के कोठी बाजार स्थित बड़े तालाब में गुरुवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। तालाब के पास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने शव देखा और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगभग चार दिन पहले भी एक व्यक्ति के तालाब में कूदने की सूचना सामने आई थी। उस समय पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन किसी प्रकार का तलाशी या बचाव अभियान नहीं चलाया गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आज मिला शव उसी व्यक्ति का हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक मृतक ने स्वेटर पहन रखा था और उसके बाल सफेद बताए जा रहे हैं। पानी में चेहरा डूबा होने के कारण शव की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। शव को तालाब से बाहर निकालने के लिए गोताखोरों की मदद ली गई, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण से हुई मौत है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित