बैतूल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के ग्राम कढ़ाई में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के उद्देश्य से ग्रामीणों ने श्रमदान कर 400 बोरियों की मदद से बोरी बंधान किया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा जल को सहेजना और ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

भूपेन्द्र ग्राम उद्दीपन बाल महिला बाल विकास समिति के माध्यम से आयोजित इस एक दिवसीय कार्यक्रम में जल संरक्षण को लेकर विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके साथ ही पशुपालन समितियों के सदस्यों को पशुपालन से जुड़ी आधुनिक गतिविधियों और तौर-तरीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए सेक्टर स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। आयोजकों के अनुसार, बोरी बंधान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल के बहाव को रोकना और भूजल स्तर में सुधार के प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर नवांकुर संस्था के शैलेन्द्र मालवी, मेंटर प्रमोद जागरे, जीवन लाल उचेसरे, बाजीराव यादव, शिवकुमार परधे और गोपाल रावते सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित