बैतूल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे और पूर्व विधायक व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा समेत दोनों गुटों के नेताओं के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एक पक्ष ने मारपीट, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक अपमान का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने भी गला दबाने और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस के अनुसार विवाद 18 जुलाई को बैतूल शहर के जैन दादावाड़ी परिसर में आयोजित कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के दौरान हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी मौजूद थे। उनके रवाना होने के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी ने देखते ही देखते धक्का-मुक्की का रूप ले लिया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं जिला प्रवक्ता विजय पारधी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता नवनीत मालवीय, मनोज मालवे, सलमान खान तथा एक अन्य आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने विजय पारधी को घेरकर गाली-गलौज की, गर्दन पकड़कर धक्का-मुक्की की, जान से मारने की धमकी दी तथा सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान किया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा, "तुझे यहीं गाड़ देंगे, तू बहुत होशियार बन रहा है।"वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय डागा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया, ब्लॉक अध्यक्ष विजय पारधी, जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन धोटे सहित अन्य के खिलाफ भी गला दबाने, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। वीडियो में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी द्वारा विजय पारधी को शॉल ओढ़ाने के बाद विवाद बढ़ता दिखाई देता है। इसके बाद कुछ नेताओं के बीच तीखी बहस होती है और धक्का-मुक्की की स्थिति बन जाती है। वीडियो में एक युवक विजय पारधी को धक्का देता और कांग्रेस नेता नवनीत मालवीय उनके साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई देते हैं। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित