बैतूल , मई 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने भैंसदेही तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

अधिकारियों के मुताबिक, कलेक्टर ने तहसीलदार को फॉर्मर रजिस्ट्री, नामांतरण, बटवारा और सीएम हेल्पलाइन से जुड़े मामलों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सीमांकन प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर ग्राम पंचायत डेढ़पानी पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या रखी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने पाथाखेड़ा जलाशय का निरीक्षण किया और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई), जनपद पंचायत और जल संसाधन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर संयुक्त फील्ड विजिट के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं होगी।

इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम खामला के तालाब का भी निरीक्षण कर जल संरक्षण और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के निर्देश दिए।

वहीं, कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत पर नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देना आवश्यक है, जिससे जनगणना कार्य समयबद्ध और सटीक रूप से पूरा हो सके। साथ ही फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को गर्मी से बचाव और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित