बैतूल , मार्च 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-अमरावती स्टेट हाईवे पर केरपानी गांव में आज तड़के पुलिस ने एक कार से क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे सात मवेशियों को बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार मवेशियों को कार में ठूंस-ठूंसकर भरा गया था और उन्हें महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि कार में सवार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में मवेशियों को भरकर बैतूल से महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने केरपानी के पास हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू किया। कुछ समय बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखकर कार में सवार लोग घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार के भीतर छह गाय और एक बछड़ा बेहद खराब स्थिति में ठूंसकर भरे हुए मिले। मवेशियों को पर्याप्त जगह और हवा न मिलने के कारण उनकी हालत खराब थी। पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित किया और उन्हें देखरेख के लिए भेज दिया।

पुलिस को आशंका है कि मवेशियों को अवैध रूप से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था, जहां उन्हें कत्लखानों तक पहुंचाया जाना था। फिलहाल इस संबंध में जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित