रायपुर , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश में खाद की कमी को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद संकट के कारण प्रदेश में बोनी और थरहा का काम प्रभावित हो रहा है, लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।

श्री बैज ने कहा कि खाद की पर्याप्त उपलब्धता के सरकारी दावे किसानों के साथ मजाक साबित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, इसके बावजूद सरकार समस्या से इनकार कर रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि खरीफ सीजन में समय निकलता जा रहा है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके चलते बाजार में खाद-बीज की कालाबाजारी, नकली और अमानक खाद की बिक्री बढ़ रही है तथा किसान महंगे दामों पर सामग्री खरीदने को मजबूर हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सहकारी समितियों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं है तो निजी दुकानों में खाद कैसे मिल रही है। श्री बैज ने सरकार से नकली खाद और बीज की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित 15 लाख 55 हजार मीट्रिक टन खाद वितरण लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल सात लाख 27 हजार 833 मीट्रिक टन खाद ही किसानों तक पहुंच पाई है। उन्होंने डीएपी और यूरिया की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप खाद नहीं मिल रही है।

श्री बैज ने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों को मिलने वाली खाद की सीमा कम कर दी है। उन्होंने कहा कि पहले प्रति एकड़ दो बोरी यूरिया और दो बोरी डीएपी देने की व्यवस्था थी, जिसे घटाकर एक बोरी यूरिया और एक बोरी डीएपी कर दिया गया है, जो खेती के लिए पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित