रायपुर , अगस्त 21 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष के कीट विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में भर्ती और परीक्षाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

श्री बैज ने रायपुर में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष के कीट विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले लोक निर्माण विभाग की उप अभियंता परीक्षा में नकल, पीएससी परीक्षा में उत्तर पुस्तिका जांचने वालों के नाम सोशल मीडिया पर आने, एसआई भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम तथा आरक्षक और वनरक्षक भर्ती में भी गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरआई पदोन्नति परीक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में परीक्षाओं और भर्तियों में लगातार अनियमितताएं सामने आने से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

श्री बैज ने ई-20 पेट्रोल और महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ने के बावजूद उपभोक्ताओं को कीमतों में राहत नहीं मिली है। उन्होंने एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के इस्तेमाल को चीनी की बढ़ती कीमतों से जोड़ते हुए कहा कि इसका असर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

श्री बैज ने राजधानी रायपुर में एयरपोर्ट के पास स्थित ब्लू वाटर खदान में युवक के डूबने की घटना का उल्लेख करते हुए प्रदेश की बंद खदानों के गहरे गड्ढों को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि ब्लू वाटर क्षेत्र में पहले गिट्टी खदान संचालित थी और ऐसी बंद खदानों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

उन्होंने राज्य सरकार से प्रदेशभर की बंद खदानों का सर्वे कराने और नियमानुसार खदानों के गड्ढों को भरने की कार्रवाई करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित