खरगोन , जून 16 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की थिबगांव शाखा में 41.58 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में फरार चल रही महिला कैशियर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगभग तीन सप्ताह से फरार थी।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रितु गोस्वामी (44) है, जो जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की थिबगांव शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत थी। 25 मई को उसके लापता होने के बाद बैंक द्वारा गठित जांच समिति ने शाखा का ऑडिट किया, जिसमें नकद शेष में 41 लाख 58 हजार 95 रुपये की कमी पाई गई।
ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर 29 मई को जैतापुर थाने में रितु गोस्वामी, सहायक शाखा प्रबंधक त्र्यंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जांच में पता चला कि रितु गोस्वामी मुंबई के बदलापुर स्थित अपने ससुराल चली गई थी और परिजनों को स्वयं के अवकाश पर होने की जानकारी दे रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि कथित गबन की राशि का एक हिस्सा उसने अपने पति, बच्चे और ससुराल पक्ष के लोगों की हवाई यात्रा तथा दिल्ली भ्रमण पर खर्च किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने परिजनों को जांच एजेंसियों और बैंक अधिकारियों से संपर्क से बचने के लिए मोबाइल फोन बंद रखने की सलाह भी दी थी।
आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दिल्ली भी पहुंची। लगातार दबाव बढ़ने पर आरोपी ने अंततः आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.49 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का पहचान पत्र बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि उसने लगभग 20 लाख रुपये ऑनलाइन गेमिंग में गंवा दिए थे।
पुलिस का कहना है कि कथित गबन की शेष राशि, अन्य आरोपियों की भूमिका तथा धन के उपयोग से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है। आरोपी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित