बैतूल , अक्टूबर 24 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही पुलिस ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की मोरखा शाखा में 1.14 करोड़ रुपये की बड़ी वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में बैंक के सहायक प्रबंधक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) भी शामिल है। पुलिस पीआरओ आबिद अंसारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस पीआरओ आबिद अंसारी ने शनिवार को जारी प्रेस नोट मे बताया कि पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि जनवरी 2026 से बैंक की मोरखा शाखा में खाताधारकों की बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की जा रही थी। आरोपी नेट बैंकिंग के जरिए खाताधारकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर बदलकर और फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करवाकर उनकी एफडी तुड़वाते थे। इसके बाद हड़पी गई राशि को रिश्तेदारों और अन्य खातों में ट्रांसफर किया जाता था। इस अवैध रकम से एक कार समेत अन्य संपत्तियां खरीदी गईं।

इस मामले में थाना बोरदेही में छह अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक सहायक प्रबंधक लुकेश गोखे (निवासी नागपुर), आरोपी गौरव सूर्यवंशी और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित