मुंबई , अक्टूबर 23 -- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में एकल आधार पर 3,202 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ प्राप्त हुआ जो साल-दर-साल आधार पर 25.34 प्रतिशत अधिक है।

बैंक ने शुक्रवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि दूसरी तिमाही में परिसंपत्ति पर बैंक का रिटर्न 1.01 प्रतिशत और इक्विटी पर रिटर्न 16.36 प्रतिशत बेहतर हुआ। इस दौरान परिचालन लाभ 33.19 फीसदी बढ़कर 5,089 करोड़ रुपये हो गया।

ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय 7,007 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले के मुकाबले 18.52 प्रतिशत अधिक है। यह जमा पर दिये गये ब्याज और ऋण पर प्राप्त ब्याज का अंतर है। ब्याज से इतर आय 24.78 फीसदी बढ़कर 2,770 करोड़ रुपये पर रही।

सालाना आधार पर बैंक के वैश्विक कारोबार में 21.13 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 18.92 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। वैश्विक जमा राशि सालाना आधार पर 21.59 प्रतिशत बढ़कर 10.37 लाख करोड़ रुपये के पार हो गयी। वैश्विक स्तर पर दिया गया ऋण सालाना आधार पर 20.58 प्रतिशत बढ़कर 8.55 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।

देश से बाहर दिये गये ऋण में एक साल पहले के मुकाबले 35.21 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 1.51 लाख करोड़ रुपये हो गया। खुदरा ऋण में 19.27 प्रतिशत, एमएसएमई को दिये गये ऋण में 20.27 प्रतिशत और कृषि क्षेत्र को दिये गये ऋण में 16.34 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई। घरेलू सकल ऋण में रिटेल, एमएसएमई और कृषि की हिस्सेदारी 58.63 प्रतिशत रही। घरेलू चालू खातों और बचत खातों में जमा राशि सितंबर 2026 में सालाना आधार पर 7.17 फीसदी बढ़कर 3.07 लाख करोड़ रुपये हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित