पन्ना , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने बैंकों से बड़ी राशि निकालने वाले लोगों की रैकी कर उनका पीछा करते हुए नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो कुख्यात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू ने आज पत्रकारों को बताया कि साइबर सेल की तकनीकी सहायता, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई पतारसी के आधार पर आरोपियों को शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि 19 मई 2026 को फरियादी रामसिपाही पटेल निवासी मोहनपुरवा ने भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, पन्ना से अपने खाते से दो लाख 24 हजार रुपये निकाले थे। वह राशि मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखकर सेंट्रल बैंक के सामने स्थित दुकान पर गए थे। लौटने पर डिग्गी खुली मिली और उसमें रखी नकदी चोरी हो चुकी थी। इस संबंध में कोतवाली थाना पन्ना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की 500 से अधिक फोटो एवं वीडियो फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जित्तू सिंह कंजर उर्फ जीतेन्द्र (40) तथा लिदहा उर्फ अरुण सिंह कंजर (35) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ बैंक परिसर में रैकी कर बड़ी राशि निकालने वाले ग्राहकों की पहचान करते थे और मौका मिलते ही उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी अथवा बैग से नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पन्ना जिले के अलावा दमोह और रीवा जिलों में भी इसी प्रकार की वारदातें करना स्वीकार किया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड तथा अन्य लंबित मामलों की जानकारी भी संबंधित जिलों से जुटा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित