रांची , सितंबर 27 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने बैंक कर्मियों की हड़ताल का नीतिगत समर्थन करते हुए कहा कि बैंकों में भी 5 वर्किंग डे की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

श्री दूबे ने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन कई अन्य प्रतिष्ठानों में कार्यदिवसों को लेकर समय-समय पर बदलाव किए गए हैं, ऐसे में बैंक कर्मचारियों की इस मांग पर भी सकारात्मक तरीके से विचार किया जाना चाहिए।

श्री दूबे ने कहा कि आज बैंकिंग व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बदल चुकी है। एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और अन्य डिजिटल माध्यमों के कारण ग्राहकों को कई बैंकिंग सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती हैं। ऐसी स्थिति में बैंक कर्मचारियों के कार्यदिवस और अवकाश की व्यवस्था को भी वर्तमान तकनीकी और बैंकिंग जरूरतों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब द्वितीय शनिवार और अंतिम शनिवार को बैंक बंद रखने की व्यवस्था लागू की जा सकती है, तो बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही 5 वर्किंग डे की मांग पर भी गंभीरता से विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मी लगातार बढ़ते काम के दबाव और जिम्मेदारियों के बीच अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसलिए उनकी जायज मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

श्री दूबे ने बैंकों के निजीकरण की प्रक्रिया का विरोध, पर्याप्त संख्या में नए कर्मचारियों की बहाली तथा ग्राहकों पर लगाए जा रहे विभिन्न प्रकार के बैंकिंग चार्ज और शुल्क की समीक्षा की मांग का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बैंक केवल मुनाफा कमाने वाली संस्थाएं नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता की वित्तीय जरूरतों से सीधे जुड़ी महत्वपूर्ण संस्थाएं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित