रायपुर , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) ने वैश्विक शैक्षणिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान 20 अग्रणी विश्वविद्यालयों के साथ बहुपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह समझौता गत नौ और दस जुलाई को बैंकॉक के आइकॉनसियाम कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एयूएपी-डब्ल्यूयूआरआई इम्पैक्ट समिट-2026 के दौरान हुआ। सम्मेलन का विषय "सरकार के साथ साझेदारी में विश्वविद्यालय नवाचार : नीति, तंत्र और प्रभाव" था। इसमें विभिन्न देशों के विश्वविद्यालय प्रमुखों, नीति-निर्माताओं, नवाचार विशेषज्ञों और शिक्षाविदों ने भाग लिया।

सम्मेलन में एचएनएलयू का प्रतिनिधित्व कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानन्दन ने किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के रिसर्च हब एंड स्पोक मॉडल पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत करते हुए अंतर्विषयी अनुसंधान, बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाओं तथा समाजोन्मुख अनुसंधान की अवधारणा को वैश्विक मंच पर रखा, जिसे विशेषज्ञों ने सराहा।

प्रो. विवेकानन्दन ने कहा कि यह बहुपक्षीय समझौता एचएनएलयू के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग को नई दिशा देगा। सम्मेलन के दौरान एयूएपी के महासचिव प्रो. डॉ. अनूप स्वरूप तथा कार्यकारी सचिव डॉ. सुपापोर्न चुआंगचिद के साथ संयुक्त सम्मेलन, अनुसंधान परियोजनाओं तथा संकाय एवं छात्र विनिमय कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित