तेहरान , अक्टूबर 17 -- ईरान पर लगे बैंकिंग प्रतिबंधों के कारण पाकिस्तान को उसका निर्यात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जबकि पाकिस्तान से ईरान में आयात जारी है। ईरानी मीडिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।

तेहरान चैंबर ऑफ कॉमर्स के परिवहन आयोग के प्रमुख पेमान सनंदाजी ने मेहर समाचार एजेंसी को बताया कि दोनों देशों के बीच जमीनी सीमा खुली हुई है। उन्होंने सीमा चौकी बंद होने संबंधी खबरों को खारिज किया।

श्री सनंदाजी के अनुसार, ईरान से खरीदे गए सामान के आयात के लिए पाकिस्तानी आयातकों को पाकिस्तान की बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक आयात फॉर्म जमा करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि ईरान की बैंकिंग प्रणाली पर लगे प्रतिबंधों के कारण यह प्रक्रिया जटिल हो गई है, जिससे ईरानी निर्यातकों और पाकिस्तानी आयातकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैंकिंग संबंधी पाबंदियां जारी रहती हैं, तो पाकिस्तान को ईरान का निर्यात प्रभावी रूप से निलंबित रह सकता है।

अमेरिका ने ईरान के बैंकिंग क्षेत्र पर व्यापक प्रतिबंध लगा रखे हैं। इनके कारण ईरानी वित्तीय संस्थानों के साथ लेन-देन प्रभावित होता है और प्रतिबंधित ईरानी संस्थाओं के साथ कारोबार करने वाले विदेशी बैंकों पर भी अमेरिकी दंडात्मक कार्रवाई का खतरा रहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित