मुंबई , अप्रैल 08 -- रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को कहा कि देश का बैंकिंग तंत्र मजबूत बना हुआ है और एचडीएफसी बैंक के संचालन को कोई खामी नहीं पायी गयी है।

श्री मल्होत्रा ने यहां मौद्रिक नीति समिति की बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक प्रश्न के उत्तर में आश्वस्त किया कि देश का बैंकिंग तंत्र पूरी तरह से मजबूत बना हुआ है।

पिछले दिनों एचडीएफसी बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बैंकों के निदेशक मंडल की बैठकों के विवरण की नियमित रूप से जांच की जाती है और "हमारे हिसाब से एचडीएफसी बैंक के संचालन से संबंधित कोई खामी" नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दिशा-निर्देशों में बदलाव की जरूरत नहीं लगती है।

आरबीआई ने आज बैंकिंग तंत्र में सुधार के लिए कई उपायों की घोषणा की। अब वाणिज्यिक बैंक जोखिम वाली परिसंपत्ति की तुलना में पूंजी अनुपात (सीआरएआर) की गणना में तिमाही शुद्ध लाभ को शामिल नहीं कर सकेंगे। इस संबंध में जल्द ही दिशा-निर्देश जारी किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित