जगदलपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत नगर निगम जगदलपुर को दो महिला पिंक टॉयलेट के निर्माण के लिए 32 लाख 52 हजार रुपये प्रदान किये है।

यह राशि नगर निगम क्षेत्र के संजय मार्केट और शहीद पार्क में महिला पिंक टॉयलेट निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नगर निगम जगदलपुर को सौंपी गई है। निर्माण कार्य शासकीय भूमि पर किया जाएगा तथा इसके रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।

बेवरेजेस कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर आने वाली महिलाओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीएसआर मद से यह राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी निगम के विकास कार्यों में बेवरेजेस कॉरपोरेशन सहयोग करता रहेगा।

महापौर संजय पांडे ने राशि उपलब्ध कराने के लिए बेवरेजेस कॉरपोरेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिंक टॉयलेट महिलाओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सम्मान सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष रूप से विकसित इन सुविधाओं से सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर स्वच्छता व्यवस्था उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, श्वेता बघेल, संग्राम सिंह राणा, पार्षद पूनम सिन्हा, बसंती, बी. जयराम, शशिनाथ पाठक, राजपाल कसेर, गायत्री बघेल, रितेश सिन्हा, भास्कर समरथ, हितेश राय, मानिक राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित