अजमेर , नवंबर 10 -- राजस्थान के अजमेर जिले में बेयरफुट कालेज के संस्थापक एवं पद्मश्री बंकर राॅय का अंतिम संस्कार तिलोनिया में आज शाम कर दिया गया । पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य व्यक्ति उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

श्री राॅय (81) का सुबह करीब छह बजे निधन हाे गया था। वह मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित एवं सूचना के अधिकार की प्रणेता अरूणा रॉय के जीवन साथी थे।

इससे पहले श्री गहलोत ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल तथा अपनी ओर से श्री रॉय के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने श्री रॉय की शव यात्रा में उन्हें कंधा दिया।

इस अवसर पर श्री गहलोत ने कहा कि श्री रॉय अपने सामाजिक कार्यों के जरिए गहरी छाप छोड़ गए हैं तथा ग्रामीण विकास, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अपने योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और शोक-संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

उल्लेखनीय है कि श्री राॅय को निरक्षर, अर्द्धनिरक्षर ग्रामीणों को शिक्षित करने के लिए 2010 में 'टाइम 100' की 100 प्रभावशाली हस्तियों में शामिल किया गया। सामाजिक कार्यों के प्रति उल्लेखनीय योगदान के लिये 1996 में राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने उन्हें पद्मश्री पुरुस्कार से सम्मानित किया था। श्री रॉय ने गांधीवादी सिद्धांतों से प्रेरित होकर वर्ष 1972 में राजस्थान में अजमेर जिले के तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित