कानपुर , अप्रैल 06 -- कानपुर नगर में पिछले दो दिन बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सदर तहसील के सचेंडी और सोना गांव में खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रभावित किसानों से बातचीत कर वास्तविक नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि बारिश के कारण कई स्थानों पर खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वेक्षण शुरू कराया जाए और लेखपाल गाटा-वार व क्षेत्रवार फसल क्षति का विस्तृत आकलन करें। साथ ही उप जिलाधिकारियों को सर्वे कार्य की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि फसल क्षति की रिपोर्ट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा मिल सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित