लखनऊ , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न क्षेत्रों में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें शीघ्र राहत प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

योगी ने राजस्व एवं कृषि विभाग के साथ बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश देते हुए कहा कि फसल क्षति का आंकलन तेजी से पूरा कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाए, ताकि मुआवजा वितरण में देरी न हो। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में हुई बारिश से जिन किसानों की फसल प्रभावित हुई है, उन्हें भी राहत दी जा रही है और बुधवार की बारिश से हुए नुकसान का आकलन भी तत्काल कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने और किसानों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित