चंडीगढ़ , मार्च 20 -- हरियाणा में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में फसलें या तो पूरी तरह नष्ट हो चुकी हैं या खराब होने की कगार पर हैं। इस बीच हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर नारनौल और दक्षिण हरियाणा के गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई असमय वर्षा से रबी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसलें गिर गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पहले से बढ़ती लागत और महंगाई से जूझ रहे किसानों के लिए यह स्थिति किसी आपदा से कम नहीं है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान इस समय दोहरी मार झेल रहा है-एक तरफ खेती की बढ़ती लागत और दूसरी ओर प्राकृतिक आपदाएं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह तुरंत स्थिति का संज्ञान लेकर राहत कार्य शुरू करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित