रायपुर , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आयोजित होने जा रहे मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह समारोह को इस बार विशेष पहचान मिलने जा रही है। बेमेतरा विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता दीपेश साहू स्वयं इस आयोजन में विवाह बंधन में बंधेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मई को जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू, तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे और इनके अलावा अन्य 23 जोड़े भी विवाह के बंधन में बधेंगे। सामान्यतः इस योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवक-युवतियों का विवाह संपन्न कराया जाता है, ऐसे में विधायक का इस आयोजन का हिस्सा बनना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

विधायक साहू के सादगीपूर्ण विवाह को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है। वहीं जिला प्रशासन भी सामूहिक विवाह समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों में जुटा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित