रायपुर , जून 01 -- बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की नाराजगी के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोला है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में विधानसभा अध्यक्ष का सार्वजनिक रूप से नाराज होना सामान्य बात नहीं है। उन्होंने इसे राजनीतिक संकेत बताते हुए कहा कि प्रदेश में सुशासन तिहार के दौरान लगातार अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं और सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण कमजोर दिखाई दे रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि जिस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष स्वयं व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हों, वहां सुशासन के दावों की वास्तविकता सामने आ जाती है। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह ने सार्वजनिक मंच से ऐसी व्यवस्था पर नाराजगी जताई, जैसी उन्होंने अपने 15 वर्ष के कार्यकाल में भी नहीं देखी थी।
श्री बैज ने तंज कसते हुए कहा कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि सरकार आखिर चल कौन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का प्रशासनिक अमला विभिन्न मुद्दों पर आंदोलनरत है, लेकिन सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित